दतिया में बवाल: दामोदर यादव की गिरफ्तारी पर भड़के भीम आर्मी कार्यकर्ता, पुलिस से झड़प; हालात काबू करने चला वाटर कैनन

दतिया। मध्यप्रदेश के दतिया जिले में बुधवार को उस समय तनाव की स्थिति बन गई जब भीम आर्मी कार्यकर्ताओं ने दामोदर यादव की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते प्रदर्शन उग्र हो गया और कार्यकर्ताओं तथा पुलिस के बीच जमकर धक्का-मुक्की और झड़प हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, भीम आर्मी के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में एकत्र होकर दामोदर यादव की गिरफ्तारी का विरोध कर रहे थे। प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने पुलिस बैरिकेडिंग हटाने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई।
स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इसके बाद मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया, जिससे हालात धीरे-धीरे काबू में आए। घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पुलिस प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post