उज्जैन के तराना में हिंसा, पथराव और आगजनी से तनाव, धारा 144 लागू||


उज्जैन जिले की तराना तहसील में गुरुवार शाम भड़की हिंसा के बाद शुक्रवार को भी हालात तनावपूर्ण बने रहे। उपद्रवियों ने पथराव और आगजनी कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की, हालांकि पुलिस की तत्परता से स्थिति को नियंत्रण में ले लिया गया। क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर बीएनएस की धारा 163 (पूर्व में 144) लागू कर दी गई है।
पूरे विवाद की शुरुआत राम मंदिर के पास सुखला गली में हुई, जहां हिंदूवादी नेता सोहेल ठाकुर पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। इसके बाद इलाके में हंगामा बढ़ गया और गुरुवार शाम को पथराव व आगजनी की घटनाएं सामने आईं।
शुक्रवार को बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने तराना थाने का घेराव कर हनुमान चालीसा का पाठ किया। वे एक फरार आरोपी की गिरफ्तारी और उसके मकान पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर बैठे थे। पुलिस अधिकारियों ने समझाइश देकर प्रदर्शनकारियों को शांत कराया। स्थानीय विधायक महेश परमार भी थाने पहुंचे और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
दोपहर में फिर बिगड़े हालात
शुक्रवार दोपहर को एक बार फिर तनाव फैल गया। अज्ञात लोगों ने बस स्टैंड के पास गुरुवार को क्षतिग्रस्त हुई एक बस में आग लगा दी। नई बाखल ताकिया कलीम इलाके में पथराव किया गया, जिसमें एक मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गई और कुछ घरों के शीशे टूट गए। महिलाओं ने गाली-गलौच और बदसलूकी के आरोप भी लगाए हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार 25 से 30 लोगों की भीड़ अचानक मोहल्ले में घुसी, पथराव किया और फरार हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में लिया।
पुलिस ने अब तक 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी की पहचान कर ली गई है, जिसकी तलाश जारी है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post