लवकुशनगर में महिला की संदिग्ध मौत, बेटे ने घर में घुसकर मारपीट और सल्फास खिलाने का लगाया आरोप


छतरपुर। जिले के लवकुशनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के दिव्यांग बेटे ने आरोप लगाया है कि कुछ लोग चार पहिया वाहन से उनके घर पहुंचे, घर में घुसकर उसके और उसकी मां के साथ बेरहमी से मारपीट की तथा उसकी मां को जबरन सल्फास खिलाकर फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, मृतका कल्पना त्रिपाठी, पति रामायण दास त्रिपाठी, मूल निवासी मिसरन पुरवा थाना गोयरा एवं वर्तमान निवासी सिंचाई कॉलोनी, लवकुशनगर थीं। उनके 20 वर्षीय दिव्यांग पुत्र मुकेश त्रिपाठी ने बताया कि मंगलवार दोपहर करीब 3 से 4 बजे के बीच मुड़ेरी निवासी पप्पू गर्ग सहित कुछ लोग चार पहिया वाहन से उनके घर पहुंचे। आरोप है कि सभी ने घर में घुसकर मां-बेटे के साथ लात-घूंसों और जूतों से मारपीट की। मुकेश ने बताया कि उसने घटना के दौरान डायल-112 पर सूचना दी, लेकिन पुलिस काफी देर बाद मौके पर पहुंची।
मुकेश का आरोप है कि मारपीट के दौरान पप्पू गर्ग ने सल्फास की गोली पीसकर उसकी मां को जबरन खिला दी, जिसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के दौरान आसपास के लोग मौजूद थे, लेकिन किसी ने बीच-बचाव नहीं किया।
करीब दो घंटे बाद थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस से घायल मां-बेटे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लवकुशनगर पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद महिला की गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां इमरजेंसी में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घायल मुकेश ने बताया कि उनका परिवार नगर में अपना मकान बना रहा था। आरोप है कि पप्पू गर्ग उस मकान पर कब्जा करना चाहता था और लंबे समय से मकान खाली करने तथा जान से मारने की धमकी दे रहा था। मुकेश के अनुसार, इस संबंध में उन्होंने बीते शनिवार को पुलिस अधीक्षक से भी शिकायत की थी।
पीड़ित पक्ष ने यह भी आरोप लगाया है कि मुख्य आरोपी पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह हाल ही में हत्या के प्रयास के एक मामले में जेल से छूटकर आया है। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस की ओर से नहीं की गई है।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारण तथा घटना की पूरी सच्चाई स्पष्ट हो सकेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post