छतरपुर में भाजपा युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष पर पुलिस से अभद्रता का आरोप, वीडियो वायरल

छतरपुर। शहर में उस समय राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल मच गई जब भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष नीरज चतुर्वेदी पर पुलिस कर्मियों से कथित अभद्रता का आरोप लगा। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। जानकारी के अनुसार, एक स्थानीय विवाद के दौरान मौके पर पुलिस टीम पहुंची थी। इसी दौरान नीरज चतुर्वेदी और पुलिसकर्मियों के बीच कहासुनी हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बहस के दौरान तीखी नोकझोंक हुई और कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया। इसी बीच प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा पुतला छीने जाने के बाद कागज में आग लगाए जाने की बात भी सामने आई है। घटना का किसी उपस्थित व्यक्ति ने वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर वायरल हो गया। वीडियो के सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में बयानबाजी का दौर भी शुरू हो गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्र के सीएसपी सहित तीनों थाना प्रभारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। अधिकारियों की समझाइश के बाद विवाद शांत कराया गया। पुलिस प्रशासन का कहना है कि फिलहाल कानून-व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और पूरे मामले की जानकारी एकत्र की जा रही है। वहीं, इस मामले में संबंधित पक्षों की ओर से आधिकारिक बयान आना अभी बाकी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post