छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में कानून व्यवस्था के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी के नव नियुक्त जिला उपाध्यक्ष पंकज पांडे की सफारी वाहन को जब्त कर लिया। मंगलवार देर रात नौगांव रोड पर तेज रफ्तार से गुजर रही इस गाड़ी को पुलिस ने रोका, जहां जांच में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। पुलिस के अनुसार वाहन के कांच पर काली फिल्म चढ़ी हुई थी, हूटर का उपयोग किया जा रहा था और गाड़ी का बीमा भी वैध नहीं पाया गया। नियमों का उल्लंघन मिलने पर वाहन को तत्काल जब्त कर ओरछा रोड थाना ले जाया गया, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
बताया जा रहा है कि वाहन तेज गति से चलाया जा रहा था और मौके पर रौब जमाने की भी कोशिश की गई, लेकिन हाल ही में ओरछा रोड थाना प्रभारी नियुक्त हुए प्रशिक्षु आईपीएस लेखराज मीणा की सख्ती के आगे यह प्रयास सफल नहीं हो सका। सूत्रों के मुताबिक नियमित चेकिंग अभियान के दौरान यह कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि कानून के सामने सभी समान हैं और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी फिलहाल मामले की जांच जारी है और आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया अपनाई जा रही है।