छतरपुर। बीती रात तोरिया मोहल्ले में हुई घटना को लेकर सर्व हिंदू समाज के लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। गुरुवार को सर्व हिंदू समाज के प्रतिनिधियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा और घटना में शामिल आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन के माध्यम से समाज के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कहा कि तोरिया मोहल्ले में हुई घटना से लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं तथा क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
सर्व हिंदू समाज के प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन द्वारा 24 घंटे के भीतर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो पूरे छतरपुर को बंद कर आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। वहीं प्रशासनिक अधिकारियों ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले में नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
अब सभी की नजर प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है। मामले को लेकर शहर में चर्चाओं का दौर जारी है और लोग प्रशासन के फैसले का इंतजार कर रहे हैं।
Tags
छतरपुर