छतरपुर। परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम प्रक्रिया के बीच पोर्टल बंद होने से नाराज छात्रों का गुस्सा मंगलवार को महाराजा छत्रसाल बुंदेलखंड विश्वविद्यालय परिसर में फूट पड़ा। छात्रों के हितों की लड़ाई का दावा करते हुए एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया और जोरदार प्रदर्शन किया। एनएसयूआई के आईटी सेल जिला अध्यक्ष अश्वनी मिश्रा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में छात्र और कार्यकर्ता विश्वविद्यालय पहुंचे। हाथों में बैनर और नारों के साथ प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि परीक्षा फॉर्म भरने की वेबसाइट अचानक बंद होने से हजारों विद्यार्थियों का भविष्य अधर में लटक गया है। उनका कहना था कि कई छात्र समय रहते आवेदन नहीं कर पाए और अब परीक्षा में शामिल होने से वंचित हो सकते हैं।
आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने कुलगुरु का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराने का प्रयास किया। हालांकि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने तत्काल हस्तक्षेप किया और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया गया। इसके बाद कुछ समय के लिए विश्वविद्यालय परिसर आंदोलन और प्रशासनिक कार्रवाई का केंद्र बन गया। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि परीक्षा फॉर्म पोर्टल को तत्काल पुनः चालू किया जाए तथा विद्यार्थियों को आवेदन के लिए अतिरिक्त समय दिया जाए। एनएसयूआई नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि छात्रों की समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। वहीं विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि छात्रों की समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं और जल्द ही उचित निर्णय लिया जाएगा।
Tags
छतरपुर