नौगांव।
क्षेत्र में अवैध शराब तस्करी का एक बड़ा मामला सामने आने के बाद पुलिस और आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्राम आमखेरा लुगासी के पास दुर्घटनाग्रस्त हुई एक क्रेटा कार से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद होने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग तेज हो गई है। जानकारी के अनुसार क्रेटा कार (एमपी 16 सीबी 1262) दुर्घटना के बाद सड़क किनारे क्षतिग्रस्त अवस्था में मिली। बताया जा रहा है कि वाहन चालक और कथित तस्कर कार को मौके पर छोड़कर फरार हो गए। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें अवैध शराब बरामद हुई, जिससे क्षेत्र में सक्रिय शराब तस्करी नेटवर्क की चर्चाएं तेज हो गई हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि लंबे समय से लग्जरी वाहनों के माध्यम से गांव-गांव और घर-घर तक अवैध शराब की सप्लाई की जा रही है, लेकिन जिम्मेदार विभाग इस पर प्रभावी कार्रवाई करने में असफल रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि इतना बड़ा नेटवर्क सक्रिय था तो इसकी जानकारी पुलिस और आबकारी विभाग को क्यों नहीं थी, और यदि जानकारी थी तो अब तक सख्त कार्रवाई क्यों नहीं की गई। सूत्रों के अनुसार शराब ठेकेदार से जुड़ी एक बोलेरो वाहन को भी पुलिस ने जब्त किया है। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि बोलेरो में सवार कर्मचारी कथित तौर पर क्रेटा वाहन का पीछा कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कुछ लोग एक वाहन का पीछा कर रहे हैं। पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद मामला सामने आया और अवैध शराब कारोबार से जुड़ी गतिविधियों की परतें खुलने लगीं।
घटना के बाद क्षेत्र में यह चर्चा जोरों पर है कि आखिर किसके संरक्षण में गांव-गांव तक अवैध शराब पहुंचाई जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि जिले में बढ़ती सामाजिक और आपराधिक घटनाओं के पीछे अवैध शराब की आसान उपलब्धता भी एक प्रमुख कारण है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे नेटवर्क की गहन जांच कराने, तस्करी में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई करने तथा क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है। वहीं पुलिस और आबकारी विभाग की आगामी कार्रवाई पर अब क्षेत्रवासियों की नजरें टिकी हुई हैं।
Tags
नौगाव