छतरपुर।
नौगांव थाना क्षेत्र के ग्राम लुगासी निवासी पवन यादव पुत्र पहलवान सिंह यादव ने आज जिला पुलिस अधीक्षक एवं कलेक्टर को एक लिखित आवेदन सौंपते हुए नौगांव उपजेल में पदस्थ आरक्षक इतेन्द्र सिंह सिकरवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
पवन यादव का आरोप है कि उपजेल में रहते दौरान आरक्षक ने उनसे अवैध रूप से पैसों की मांग की। मांग पूरी न होने पर उनके साथ बदतमीजी करते हुए मारपीट की गई तथा किसी को घटना बताने पर और अधिक मारपीट की धमकी दी गई।
पीड़ित के अनुसार वे 28 जनवरी 2026 को नौगांव उपजेल गए थे और 29 जनवरी 2026 को रिहा हुए। जेल परिसर में आरक्षक द्वारा उनके पिता, भाई और मां के नाम पूछे गए, इसके बाद बिना किसी ठोस कारण के गाली-गलौज व मारपीट की गई।
घटना के बाद 30 जनवरी 2026 को पवन यादव ने नौगांव थाने में शिकायत दर्ज कराने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि थाना पुलिस ने न तो उनका आवेदन स्वीकार किया और न ही मेडिकल लीगल सर्टिफिकेट (एमएलसी) कराया। उसी दिन उन्होंने उपजेल अधीक्षक, नौगांव को भी लिखित शिकायत दी।
पवन यादव का यह भी आरोप है कि शिकायत के बाद आरक्षक इतेन्द्र सिंह सिकरवार ने बदले की भावना से उनके खिलाफ नौगांव थाने में झूठा प्रकरण दर्ज करा दिया।
पीड़ित ने जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच, दोषी के खिलाफ कठोर कार्रवाई तथा उन्हें न्याय दिलाने की मांग की है।
Tags
छतरपुर