छतरपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पन्ना नाका निवासी राजकुमारी पटेल द्वारा अपने नाबालिग बेटे के खिलाफ दर्ज कराई गई चोरी की शिकायत में अब नया मोड़ आ गया है। गुरुवार को महिला अपने बेटे को लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची, जहां किशोर ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए खुद पर लगे आरोपों के पीछे साजिश होने की बात कही।
जानकारी के अनुसार, राजकुमारी पटेल ने 4 फरवरी को एसपी कार्यालय में आवेदन देकर बताया था कि उनका नाबालिग बेटा घर से सोने का मंगलसूत्र, सोने की झुमकी, चांदी के जेवर और करीब 40 हजार रुपये नगद लेकर फरार हो गया है। परिजनों द्वारा तलाश के बाद लड़के को जबलपुर से पकड़कर वापस लाया गया, जिसके बाद वह माता-पिता के साथ पुलिस के समक्ष पेश हुआ।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय में नाबालिग ने कथित रूप से स्वीकार किया कि उसने चोरी की, लेकिन साथ ही आरोप लगाया कि सत्यम शर्मा और अभिषेक पटेल नामक दो युवकों ने उसे नशे के इंजेक्शन देकर नशे का आदी बना दिया और फिर उसी हालत में उससे मां के गहने और नकदी चोरी करवाई। किशोर का कहना है कि नशे की लत के कारण वह दबाव में आ गया था और मजबूरी में यह कदम उठाया।
नाबालिग ने यह भी बताया कि चोरी किया गया सोना आजाद चौक स्थित एक सोने की दुकान पर बेचने की बात कही गई थी, जिसका संचालन कपिल सोनी द्वारा किया जाता है।
फिलहाल सिविल लाइन थाना पुलिस नाबालिग को अपने साथ लेकर जांच और पूछताछ में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Tags
छतरपुर