छतरपुर जिले के बड़ा मलहरा थाना क्षेत्र में पदस्थ एक आरक्षक पर महिला के साथ मारपीट करने के गंभीर आरोप लगे हैं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पीड़ित महिला के परिजनों ने आरक्षक पर अभद्र व्यवहार और मारपीट करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
परिजनों का कहना है कि पुलिस अधीक्षक के उदासीन रवैये का फायदा अधीनस्थ कर्मचारी उठा रहे हैं, जिसके कारण जिले में लगातार विवाद और अपराध की घटनाएं सामने आ रही हैं। उनका आरोप है कि शिकायतों के बावजूद पुलिस प्रशासन द्वारा सख्त कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। वायरल वीडियो में कथित रूप से आरक्षक और महिला के बीच विवाद की स्थिति दिखाई दे रही है। हालांकि वीडियो की सत्यता और घटना के पूरे घटनाक्रम की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। घटना सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है और निष्पक्ष जांच की मांग उठ रही है। गौरतलब है कि जब से नए पुलिस अधीक्षक ने छतरपुर जिले की कमान संभाली है, जिले में लगातार आपराधिक और विवादित घटनाएं सुर्खियों में बनी हुई हैं। अब इस मामले ने भी पुलिस कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।