छतरपुर में सात दिवसीय विशेष आवासीय शिविर का शुभारंभ

छतरपुर। शासकीय कन्या पी.जी. महाविद्यालय छतरपुर की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा गोद ग्राम बूढ़ा स्थित शासकीय प्राइमरी शाला में सात दिवसीय विशेष आवासीय शिविर का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महाविद्यालय की प्राचार्य एवं संरक्षक प्रो. एच.डी. अहिरवार रहीं। विशिष्ट अतिथियों में डॉ. कनुप्रिया चौबे, महाविद्यालय लेखपाल श्री कृपा शंकर त्रिवेदी, प्राइमरी शाला के प्रधानाध्यापक श्री दयाराम अहिरवार, शिक्षिका श्रीमती सरोज दुबे एवं कार्यक्रम अधिकारी डॉ. नीरज निरंजन उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने मां वीणा वादिनी सरस्वती के समक्ष पूजा-अर्चना एवं माल्यार्पण कर शिविर का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वयंसेवक सपना द्वारा स्वागत गीत से हुई, वहीं अन्य स्वयंसेवकों ने एनएसएस लक्ष्य गीत की प्रस्तुति दी। इस अवसर पर स्वयंसेवकों ने एकता एवं सद्भावना की शपथ लेकर समाज सेवा के लिए समर्पित रहने का संकल्प लिया।
शिविर के प्रथम दिवस महाविद्यालय के स्वयंसेवकों ने शासकीय प्राइमरी शाला परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया। स्वयंसेवकों ने विद्यालय परिसर की साफ-सफाई कर श्रमदान किया और स्वच्छता का संदेश दिया।
सात दिवसीय इस विशेष शिविर के दौरान ग्राम में स्वच्छता, स्वास्थ्य जागरूकता, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण सहित विभिन्न सामाजिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post